चंद्रपुर / महाराष्ट्र/(लोहारा):
चंद्रपुर जिले के लोहारा क्षेत्र में स्थित पोल्ट्री किसान शरद मोगरे के पोल्ट्री फार्म में ६०० मुर्गियों के चोरी की घटना सामने आई है। मंगलवार रात के करीब 2 बजे से सुबह के बीच अज्ञात चोरों ने फार्म से करीब 600 ब्रॉयलर मुर्गियां चोरी कर लीं। चोरी हुई मुर्गियों का औसत वजन सव्वा दो किलो बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फार्म में कुल 3600 ब्रॉयलर मुर्गियां थीं, जिनमें से लगभग 600 मुर्गियां चोरी हो गईं। चोरी गई मुर्गियों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 85 हजार रुपये बताई जा रही है, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
फार्म पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, और फार्म पर उस समय केवल एक कर्मचारी मौजूद रहता था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरी की घटना की जानकारी सुबह फार्म की जांच के दौरान सामने आई, जब मुर्गियों की संख्या में भारी कमी पाई गई।
इस मामले में पीड़ित किसान शरद मोगरे ने रामनगर तथा चिचपली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी संगठित तरीके से की गई है या इसमें किसी स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता है।
इस चोरी की घटना से किसान शरद मोगरे पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। पोल्ट्री व्यवसाय में पहले से ही बढ़ती लागत, चारे के दाम और बाजार की अनिश्चितता से जूझ रहे किसान के लिए यह नुकसान बेहद गंभीर माना जा रहा है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ब्रॉयलर के चूजों के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं और बाजार में चिकन के भाव पिछले दो महीनों से लगातार तेज़ी में हैं।
वर्तमान में ब्रॉयलर का एक चूजा करीब 60 रुपये में बिक रहा है, जबकि पिछले दो वर्षों से पोल्ट्री उद्योग में भारी मंदी चल रही थी। लगातार घाटा झेलने के बाद जब किसानों को कुछ राहत मिलने लगी, उसी दौरान इस तरह की चोरी की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय पोल्ट्री किसानों में इस घटना को लेकर डर और असुरक्षा का माहौल है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण इलाकों में स्थित पोल्ट्री फार्मों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं और चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध गतिविधि या बड़ी संख्या में ब्रॉयलर मुर्गियों की अवैध बिक्री की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।


.jpg)





0 Comments